रिपोर्ट – मो शाहरुख़ संभल
नखासा थाना क्षेत्र में हुआ हादसा, कार चालक गंभीर रूप से घायल, साथी युवक को मामूली चोटें
संभल। नखासा थाना क्षेत्र में रविवार तड़के एक सड़क दुर्घटना हो गई। कार का टायर अचानक पंचर हो जाने से वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। इस हादसे में कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसके साथ मौजूद युवक को हल्की चोटें आई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहम्मद सादन पुत्र मोहम्मद नौशाद, निवासी ढक्का मोड़, थाना सैद नगली, जनपद अमरोहा, अपनी कार संख्या UP 24 AR 5292 से शनिवार शाम संभल में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। समारोह के बाद रविवार सुबह करीब चार बजे वह अपने मित्र कन्हैया, निवासी लखौरी, से मिलने जा रहे थे। बताया गया कि जब कार रुकनुद्दीन सराय से जालव सराय रोड पर स्थित बड़ी पाखड़ के पास पहुंची, तभी अचानक कार का अगला टायर पंचर हो गया। टायर फटते ही कार अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना में चालक मोहम्मद सादन गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनके साथ मौजूद युवक को मामूली चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को तत्काल संभल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार घायल चालक की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही नखासा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया।
