जुमा अलविदा पर जामा मस्जिद में बवाल: तबर्रुख बांटने को लेकर विवाद, ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे चले

पुलिस पहुंची, जांच शुरू – पुरानी रंजिश भी आई सामने

आज़म राणा (बुलंद परवाज़ न्यूज़ )

मैनाठेर । थाना मैनाठेर क्षेत्र के ग्राम रसूलपुर हमीर में स्थित जामा मस्जिद के सामने जुमा अलविदा के मौके पर तबर्रुख बांटने को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक उग्र हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और मस्जिद के सामने आपस मे लोगो मे ईंट-पत्थर के साथ लाठी-डंडे चलने लगे। इस दौरान एक युवक घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए कुंदरकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। वहीं पथराव के कारण मस्जिद में लगी टाइल्स भी क्षतिग्रस्त हो गईं। जानकारी के अनुसार गुरुवार रात तबर्रुख बांटने को लेकर कुछ लोगों के बीच कहासुनी हो गई थी। हालांकि उस समय मामला शांत हो गया, लेकिन शुक्रवार को जुमा अलविदा की नमाज के समय वही विवाद फिर तूल पकड़ गया। मस्जिद में मौजूद दोनों पक्षों के लोग बाहर निकलते निकलते ही आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ ही देर में दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए और लाठी-डंडे चलने लगे, जिससे मस्जिद के सामने अफरा-तफरी मच गई। हंगामे के दौरान एक युवक घायल हो गया, जिसे ग्रामीणों की मदद से कुंदरकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश भी चल रही है। करीब पांच वर्ष पहले भी इसी तरह का विवाद सामने आया था, जिसके कारण गांव में तनाव की स्थिति बन गई थी। घटना की सूचना मिलते ही मैनाठेर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालात को काबू में किया। पुलिस ने दोनों पक्षों से जानकारी जुटानी शुरू कर दी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, जबकि पुलिस एहतियातन निगरानी बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *