उमरी सब्जीपुर में प्रेम संबंध बना दोहरी हत्या की वजह, नदी किनारे दफन मिले प्रेमी युगल के शव

तीन दिन बाद खुला राज, एसएसपी के निर्देश पर खुदाई में बरामद हुए शव, गांव में भारी पुलिस बल तैनात

मुरादाबाद। पाकबड़ा थाना क्षेत्र के उमरी सब्जीपुर गांव में प्रेम संबंध को लेकर हुई दिल दहला देने वाली दोहरी हत्या की वारदात ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। दो साल से चले आ रहे प्रेम संबंध का अंत बेरहमी से की गई हत्या में हुआ, जिसके बाद शवों को नदी किनारे दफनाकर साक्ष्य मिटाने की कोशिश की गई।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी अरमान और काजल के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। रविवार रात अरमान अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा। इसी दौरान दोनों को एक साथ देखे जाने पर युवती के परिजन आक्रोशित हो गए। विवाद बढ़ता चला गया और आरोप है कि सामाजिक बदनामी के डर में परिजनों ने दोनों को पकड़ लिया और बेरहमी से उनकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपियों ने घटना को छिपाने के लिए दोनों शवों को गांव से दूर गागन नदी के किनारे नीम करोली बाबा आश्रम के पास ले जाकर जमीन में दफना दिया। उधर, अरमान के परिजन बीते तीन दिनों से उसकी तलाश कर रहे थे। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने समय रहते पुलिस को आशंका से अवगत कराया था, लेकिन शुरुआती स्तर पर ठोस कार्रवाई नहीं होने से आरोपियों को साक्ष्य छिपाने का मौका मिल गया।
बुधवार को पीड़ित परिजन सीधे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के पास पहुंचे और पूरे मामले से अवगत कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद एसपी क्राइम के नेतृत्व में पाकबड़ा पुलिस और अन्य थानों की फोर्स ने संयुक्त रूप से संदिग्धों से पूछताछ शुरू की। पूछताछ के दौरान शवों को दफनाने की जगह का खुलासा हुआ। पुलिस टीम ने गागन नदी के किनारे खुदाई कराई, जहां घंटों की मशक्कत के बाद दोनों शव बरामद किए गए। शव मिलने की सूचना से गांव में तनाव फैल गया। एहतियातन उमरी सब्जीपुर गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *