घने बादल, बूंदाबांदी और बारिश से तापमान में गिरावट, जनजीवन प्रभावित,25 जनवरी तक ऐसा ही रहेगा मौसम
मुरादाबाद। शहर में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। ठंडी हवाओं के साथ हुई बारिश के चलते दिनभर कड़ाके की ठंड महसूस की गई, जिससे आम जनजीवन प्रभावित रहा। सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे और सर्द हवाओं ने लोगों को घरों में दुबकने पर मजबूर कर दिया। सुबह के समय सूरज के दर्शन नहीं हो सके, जिसके कारण तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। दोपहर होते-होते हल्की बूंदाबांदी शुरू हुई, जो बाद में बारिश में तब्दील हो गई। बारिश के साथ ठंडी हवाओं की रफ्तार बढ़ने से ठिठुरन और ज्यादा बढ़ गई। मौसम में आए इस अचानक बदलाव का असर शहर की रफ्तार पर भी साफ नजर आया। सड़कों पर वाहनों की आवाजाही सामान्य दिनों की तुलना में धीमी रही, जबकि बाजारों और चौराहों पर भीड़भाड़ कम दिखाई दी। खासतौर पर दोपहिया वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को ठंडी हवाओं और बारिश के कारण काफी परेशानी झेलनी पड़ी। मौसम परिवर्तन से किसानों को जहां हल्की राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं बढ़ती ठंड ने बुजुर्गों और बच्चों की चिंताएं बढ़ा दी हैं। चिकित्सकों का कहना है कि बदलते मौसम में सर्दी, जुकाम और वायरल संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है, ऐसे में लोगों को गर्म कपड़े पहनने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
