मुरादाबाद से संभल जा रहा था युवक, डींगरपुर में हुआ हादसा — परिजनों ने पोस्टमार्टम से किया इंकार
मुरादाबाद जनपद के मैनाठेर थाना क्षेत्र के डींगरपुर में एक भीषण सड़क हादसे में युवक की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब युवक अपनी स्कूटी से मुरादाबाद से संभल की ओर जा रहा था। मृतक की पहचान मुजस्सिम पुत्र मोबीन, निवासी वारसी नगर, जामा मस्जिद मुरादाबाद के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मुरादाबाद की ओर से आ रही रोडवेज बस (नंबर: UP21ET9212) से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं, मृतक के परिजनों ने पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्यवाही कराने से साफ इंकार कर दिया। इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर है। थाना प्रभारी किरनपाल सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी और मामले की जांच की जा रही है।

