BULAND PARWAZ NEWS DIGITAL DESK MORADABAD….
मैनाठेर पुलिस ने गौवंशीय मांस की अवैध सप्लाई के मामले में एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई 15 जनवरी की सुबह एनएच-9 पर दुर्घटनाग्रस्त ब्रेजा कार मिलने के बाद की गई। बताया गया गुरुवार सुबह एनएच-9 हाईवे पर एक दुर्घटनाग्रस्त ब्रेजा कार मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि कार के भीतर बड़ी मात्रा में मांस भरा हुआ है। पशु चिकित्सा अधिकारी द्वारा जांच के बाद मांस के गौवंशीय होने की पुष्टि की गई। इसके बाद अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस के अनुसार कार में करीब 175 किलो गौवंशीय मांस मौजूद था। जांच में यह भी सामने आया कि वाहन पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी। जानकारी के अनुसार रविवार को पुलिस ने इस मामले में एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। सूत्रों के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने एक साथी के साथ बरेली के जाफरपुर क्षेत्र से मांस लेकर दिल्ली जा रहा था। मैनाठेर थाना क्षेत्र में घना कोहरा होने के कारण आगे चल रहे ट्रक से उसकी कार टकरा गई, जिसके बाद पीछे से आ रहे एक अन्य ट्रक ने भी कार में टक्कर मार दी। हादसे में कार के शीशे टूट गए और एयरबैग खुल गए, जिससे कार सवार लोगों को गंभीर चोटें आईं। बताया गया कि कार में गौवंशीय मांस होने के कारण दोनों घायल मौके पर ही वाहन छोड़कर फरार हो गए। मिली जानकरी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह पिछले कुछ दिनों से जाफरपुर से दिल्ली गौवंशीय मांस की सप्लाई कर रहा था, जिसमें अन्य लोग भी शामिल हैं और समय-समय पर ड्राइवर बदले जाते थे। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
