मैनाठेर क्षेत्र में होली का पर्व शांति और सद्भाव के साथ संपन्न

नगर पंचायत महमूदपुर माफी में दिखी आपसी भाईचारे की मिसाल, जनप्रतिनिधि व पुलिस प्रशासन रहा मुस्तैद

मैनाठेर। थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों तथा नगर पंचायत महमूदपुर माफी में होली का त्योहार पूरे उत्साह, शांति और सद्भाव के साथ मनाया गया। रंगों के इस पावन पर्व पर लोगों ने आपसी मनमुटाव भुलाकर एक-दूसरे को गुलाल लगाकर बधाई दी और प्रेम, एकता व भाईचारे का संदेश दिया। नगर पंचायत महमूदपुर माफी में चेयरमैन प्रतिनिधि मंगल सैन सैनी ने क्षेत्रवासियों के साथ होली खेली और सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली आपसी सौहार्द और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि त्योहारों को मिल-जुलकर और शांति के साथ मनाएं, जिससे क्षेत्र की गंगा-जमुनी तहजीब और मजबूत हो। इस दौरान थाना प्रभारी किरनपाल सिंह पुलिस बल के साथ लगातार क्षेत्र में गश्त करते रहे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। चौकी प्रभारी दीपक राणा भी पुलिस टीम के साथ मुस्तैद रहे। प्रशासन की सतर्कता के चलते पूरे क्षेत्र में कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। होली के अवसर पर बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों में खासा उत्साह देखने को मिला। लोगों ने एक-दूसरे के घर पहुंचकर मिठाइयां बांटी और रंग-गुलाल लगाकर पर्व की खुशियां साझा कीं। पुलिस प्रशासन ने भी क्षेत्रवासियों को शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि आपसी सहयोग से ही त्योहार सुरक्षित और सफल बनते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *