महमूदपुर माफी नगर पंचायत में बोर्ड बैठक का आयोजन, विकास कार्यों पर मंथन

बिलारी विधायक हाजी मोहम्मद फहीम इरफान पहली बार हुए शामिल

महमूदपुर माफी नगर पंचायत में बोर्ड की बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्रीय विकास से जुड़े अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में हाजी मोहम्मद फहीम इरफान पहली बार शामिल हुए। उनके आगमन पर चेयरमैन प्रतिनिधि मंगल सैन सैनी ने बुके भेंटकर स्वागत किया, जबकि सभासद कमल प्रजापति व अन्य स्थानीय लोगों ने फूलमालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया। बैठक की शुरुआत नगर पंचायत का दर्जा दिलाने के लिए संघर्ष करने वाले मरहूम हाजी मोहम्मद इरफान को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। उपस्थित सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर उनके योगदान को याद किया। इसके बाद विभिन्न प्रस्ताव भी पेश किए गए। बैठक में क्षेत्र के विकास कार्यों, साफ-सफाई व्यवस्था, पेयजल समस्या, सड़क मरम्मत, अस्पताल और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं पर गंभीरता से विचार-विमर्श हुआ। विधायक ने आश्वासन दिया कि क्षेत्र की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों तक पहुंचाकर समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। हालांकि, बैठक में सभासदों की कम उपस्थिति को लेकर सवाल भी उठे। समाजसेवी हाजी जुबेर ने बताया कि 15 बोर्ड सदस्यों में से केवल दो सभासद—कमल सिंह और विजेंद्र पाल—ही बैठक में उपस्थित रहे। इस पर कुछ लोगों ने नाराजगी जताते हुए जनप्रतिनिधियों से अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की। बैठक में प्रतिनिधि मंगल सेन सैनी, जावेद अंसारी, हाजी जुबैर अंसारी, फुरकान अंसारी, फहीम सलमानी, शानिब सैफी सहित अनेक स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के संकल्प के साथ किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *