महमूदपुर माफी में कड़ी सुरक्षा के बीच नमाज़ संपन्न

मुरादाबाद। जनपद के मैनाठेर क्षेत्र के गांव महमूदपुर माफी में रमज़ान के आखिरी जुमे यानी अलविदा जुमे की नमाज़ भारी बारिश के बीच पूरी अकीदत और शांतिपूर्ण माहौल में अदा की गई। खराब मौसम के बावजूद बड़ी संख्या में नमाज़ी मस्जिदों में पहुंचे और मुल्क में अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली की दुआ मांगी।
इस दौरान क्षेत्र की मस्जिदों में खासा उत्साह देखने को मिला। नमाज़ियों ने बारिश के बावजूद इबादत में पूरी तल्लीनता दिखाई और रमज़ान के इस आखिरी जुमे को पूरे एहतराम के साथ अदा किया। मौके पर गुलशन मस्जिद के इमाम साहब ने फितरा और ज़कात अदा करने पर जोर देते हुए कहा कि समाज के गरीब और जरूरतमंद लोगों का खास ख्याल रखा जाए, ताकि वे भी ईद की खुशियों में शामिल हो सकें। उन्होंने कहा कि यह इनाम का दिन है, जब अल्लाह अपने बंदों को नवाज़ता है, इसलिए ज्यादा से ज्यादा इबादत करें और ईद का त्योहार खुशहाली के साथ मनाएं।
वहीं, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। भारी बारिश के बावजूद पुलिसकर्मी ड्यूटी पर तैनात रहे और सुरक्षा व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।

