चार दिन पहले भी 5-6 बकरियां-बकरों को बनाया था निशाना, नगर पंचायत से कार्रवाई की मांग
महमूदपुर माफी। नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या पांच में आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार हो रहे हमलों से लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। शनिवार को भी कुत्तों के झुंड ने वार्ड निवासी मुनब्बर हुसैन की 5-6 बकरियां-बकरों को अपना निशाना बनाया था, जिससे उन्हें हजारों रुपये का नुकसान हुआ था। अभी इस घटना को चार दिन भी नहीं बीते थे कि एक बार फिर आवारा कुत्तों के झुंड ने वार्ड निवासी नाजिम अली के घर में घुसकर 5 बकरियां और बकरों पर हमला कर दिया। कुत्तों ने उन्हें बुरी तरह नोच डाला, जिससे कई जानवरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कुछ गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना से पीड़ित परिवार को हजारों रुपये का नुकसान हुआ है। पीड़ित नाजिम अली का कहना है कि इलाके में आवारा कुत्तों का झुंड लगातार बकरियां-बकरों को अपना निशाना बना रहा है। कुत्तों ने बच्चों पर भी हमला करने की कोशिश की, जिससे परिवार और आसपास के लोग दहशत में हैं। उनका आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद नगर पंचायत ने इस गंभीर समस्या की ओर कोई ध्यान नहीं दिया। लोगों में यह चर्चा है कि मानो नगर पंचायत किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रही हो। ग्रामीणों का कहना है कि नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी अरविंद कुमार से कई बार कुत्तों को पकड़वाने की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में नगर पंचायत के खिलाफ आक्रोश बढ़ गया है। ग्रामीणों ने अधिशासी अधिकारी और चेयरमैन के नाम शिकायती पत्र देकर आवारा कुत्तों को जल्द पकड़वाने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
वहीं चेयरमैन प्रतिनिधि मंगल सैन सैनी का कहना है कि कुत्तों को पकड़ने वाली टीम को बुला लिया गया है और जल्द ही क्षेत्र में आवारा कुत्तों को पकड़वाने की कार्रवाई कराई जाएगी, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
