बारामती में लैंडिंग के दौरान हुआ हादसा, प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय मंत्रियों ने जताया गहरा दुख
BULAND PARWAZ NEWS DIGITAL DESK
मुंबई/दिल्ली। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन की खबर से देश की राजनीति में शोक की लहर दौड़ गई है। मुंबई से बारामती जा रहा उनका विमान लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें अजित पवार सहित विमान में सवार अन्य लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि यह हादसा सुबह करीब 8 बजकर 45 मिनट पर बारामती में लैंडिंग के समय हुआ। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। विमान का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और घटनास्थल से धुएं के गुबार उठते देखे गए। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर शोक संदेश जारी करते हुए कहा कि “अजित पवार जनता से जुड़े हुए जमीनी नेता थे। उनका असामयिक निधन बेहद दुखद और स्तब्ध करने वाला है। उनके परिवार और समर्थकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।”वहीं केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी अजित पवार के निधन को राजनीति के लिए बड़ी क्षति बताया। उन्होंने कहा कि अजित पवार उनके करीबी मित्र थे और उनका जाना व्यक्तिगत व राजनीतिक दोनों स्तरों पर अपूरणीय क्षति है।
सोशल मीडिया पर हादसे से जुड़ा एक वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें झाड़ियों वाले इलाके में विमान दुर्घटनाग्रस्त दिखाई दे रहा है।


