संवेदनशील इलाकों में पुलिस की पैदल गश्त, शांति और सुरक्षा का दिलाया भरोसा
BULAND PARWAZ NEWS DIGITAL DESK MORADABAD
मैनाठेर। आगामी होली पर्व और जुमे की नमाज को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मैनाठेर थाना पुलिस ने शुक्रवार को कस्बे में सघन फ्लैग मार्च निकाला। त्योहारों के मद्देनज़र प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारी की गई।
फ्लैग मार्च का नेतृत्व थाना प्रभारी किरन पाल सिंह ने किया। उनके नेतृत्व में पुलिस बल ने कस्बे के मुख्य बाजार, प्रमुख चौराहों, मिश्रित आबादी वाले मोहल्लों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर पैदल गश्त की। पुलिसकर्मियों ने अनुशासित ढंग से कदमताल करते हुए पूरे क्षेत्र में सुरक्षा का संदेश दिया।
मार्च के दौरान पुलिस टीम ने विशेष रूप से उन स्थानों पर रुककर निरीक्षण किया, जहां त्योहारों के समय भीड़ अधिक रहती है। व्यापारियों, धर्मगुरुओं और स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित कर आपसी भाईचारे और सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
फ्लैग मार्च में उपनिरीक्षक विजेंद्र सिंह, क्राइम इंस्पेक्टर अजय कुमार, उपनिरीक्षक नवीन कुमार, शेर सिंह, आकाश कुमार, सब इंस्पेक्टर राखी शर्मा सहित थाने का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। प्रशासन का उद्देश्य है कि होली और जुमे का पर्व आपसी सद्भाव, शांति और कानून व्यवस्था के साथ संपन्न हो।

