मुरादाबाद। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 156वीं जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर सोमवार को मुरादाबाद नगर निगम ने शहरवासियों को बड़ी सौगात दी। नगर निगम की ओर से बनाए गए देश के दूसरे दांडी यात्रा स्मारक का लोकार्पण भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह चौधरी ने किया।
स्मारक उद्घाटन कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि महात्मा गांधी ने अंग्रेजी हुकूमत को चुनौती देकर देश को आजादी दिलाई। दांडी यात्रा उसी संघर्ष की प्रतीक है। उन्होंने कहा कि गांधी जी ने जिस रामराज्य की परिकल्पना की थी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश उसी दिशा में आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री ने 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प लिया है और इसे पूरा करने के लिए सरकार विदेशी वस्तुओं पर निर्भरता कम कर स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा दे रही है।
भूपेंद्र चौधरी ने इसे स्वच्छ भारत अभियान से जोड़ते हुए कहा कि यह गांधी जी के आदर्शों को सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को याद करते हुए कहा कि शास्त्री जी ने सादगी और ईमानदारी से देश की सेवा की।
कार्यक्रम में नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल ने बताया कि स्मारक का निर्माण भारत सरकार और प्रदेश सरकार के स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत किया गया है। दिल्ली में बने दांडी यात्रा स्मारक की तर्ज पर मुरादाबाद में भी यह स्मारक तैयार किया गया है।
प्रदेश अध्यक्ष ने इस मौके पर आरएसएस की 100वीं वर्षगांठ पर संघ को बधाई दी और कहा कि संगठन ने समाज निर्माण और सामाजिक सद्भाव में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
इसके अलावा मीडिया से बातचीत में उन्होंने साफ कहा कि अपराधियों के खिलाफ यूपी सरकार सख्त कार्रवाई कर रही है। न्यायपालिका पर सरकार का पूरा सम्मान और भरोसा है। उन्होंने आज़म खाँ और सोलंकी की जमानत पर कहा कि यह केवल जमानत है, बरी नहीं हुए हैं। वहीं, बरेली में ‘आई लव मोहम्मद’ पोस्टर विवाद पर उन्होंने चेतावनी दी कि दंगा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। “यह भाजपा सरकार है, कानून तोड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।”
गांधी जयंती पर मुरादाबाद को मिला दांडी यात्रा स्मारक,भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने किया लोकार्पण, बोले– गांधीजी के सपनों का भारत बना रही है मोदी सरकार
