मैनाठेर थाना क्षेत्र की घटना; थानाध्यक्ष किरनपाल सिंह ने घायलों को 108 एंबुलेंस और निजी वाहनों से अस्पताल भिजवाया, महिला आरक्षी व एक पीड़िता भी चोटिल
मुरादाबाद के मैनाठेर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। फरीदपुर पुल के पास तेज रफ्तार रोडवेज बस अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। हादसे में लगभग आठ सवारियां गंभीर रूप से घायल हो गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस के डिवाइडर पर चढ़ते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। किसी के हाथ में चोट आई, तो किसी के पैर और चेहरे पर गंभीर घाव हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही मैनाठेर थानाध्यक्ष किरनपाल सिंह पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस सेवा और निजी वाहनों की मदद से उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया।
बताया जा रहा है कि इस हादसे में थाना की महिला आरक्षी नीरा भाटी भी घायल हुई हैं। वह एक अभियोग की पीड़िता को वन स्टॉप सेंटर से वापस लेकर आ रही थीं, तभी यह दुर्घटना हो गई। पीड़िता को भी चोटें आई हैं।
फिलहाल सभी घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
