मनोहरपुर में क्रॉप कटिंग का निरीक्षण, पारदर्शी और सटीक डेटा के दिए निर्देश
मुरादाबाद में जिलाधिकारी का अनोखा अंदाज़ देखने को मिला, जब डीएम अनुज सिंह खुद खेत में उतरकर दरांती से गेहूं की कटाई करते नजर आए। विकासखंड मनोहरपुर में आयोजित क्रॉप कटिंग निरीक्षण के दौरान उन्होंने न केवल पूरी प्रक्रिया का बारीकी से जायजा लिया, बल्कि अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि उपज का आकलन पूरी तरह वैज्ञानिक, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से किया जाए।
खेत में डीएम को गेहूं काटता देख आसपास के ग्रामीणों और किसानों की भीड़ मौके पर जुट गई। लोगों ने इस पहल को सराहा और कहा कि इससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर विश्वास और मजबूत होगा। निरीक्षण के दौरान डीएम ने कहा कि क्रॉप कटिंग के जरिए ही फसलों की वास्तविक पैदावार का सही अनुमान लगाया जाता है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने राजस्व और कृषि विभाग की टीम को निर्देशित करते हुए कहा कि अधिकारी खुद खेतों में जाकर प्रक्रिया की निगरानी करें और सुनिश्चित करें कि डेटा पूरी तरह सटीक और विश्वसनीय हो। डीएम ने यह भी कहा कि सही आंकलन से किसानों को सरकारी योजनाओं, विशेषकर फसल बीमा योजना का लाभ समय पर मिल सकेगा, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूती मिलेगी।
क्रॉप कटिंग एक वैज्ञानिक विधि है, जिसमें खेत के एक निश्चित हिस्से की कटाई कर पूरे खेत की उपज का अनुमान लगाया जाता है। इस प्रक्रिया की सटीकता पर ही किसानों को मिलने वाले मुआवजे और सरकारी सहायता निर्भर करती है। ऐसे में डीएम का खुद मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करना और दरांती उठाकर कटाई करना प्रशासन की गंभीरता और जवाबदेही को दर्शाता है।
इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे, जिन्हें डीएम ने स्पष्ट संदेश दिया कि किसानों के हितों से जुड़ी इस प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
