अयोध्या के बाद मुरादाबाद में भी दीपों का सागर,

11 लाख दीपों से जगमगाया पूरा शहर, आसमान में उड़ते 1500 ड्रोन बने भगवान श्रीराम, सरदार पटेल और कल्कि अवतार की झांकी

BULAND PARWAZ DIGITAL DESK…….

मुरादाबाद। अयोध्या के ऐतिहासिक दीपोत्सव के बाद अब मुरादाबाद ने भी नया इतिहास रच दिया। नगर निगम मुरादाबाद द्वारा आयोजित भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम में 11 लाख दीप जलाकर पूरे शहर को जगमगा दिया गया। जैसे ही दीप प्रज्ज्वलित हुए, शहर राममय हो उठा और चारों ओर जय श्रीराम के नारे गूंजने लगे।
कार्यक्रम का आकर्षण बना 1500 ड्रोन का अद्भुत शो, जिसने आसमान में भगवान श्रीराम की झांकी, लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की छवि और भविष्य के प्रतीक कल्कि अवतार का मनमोहक प्रदर्शन किया। पूरा आसमान दिव्यता से चमक उठा। लोग श्रद्धा और हैरानी से मोबाइल कैमरे में हर दृश्य कैद करते नजर आए।

शहर की गलियां, चौक, पुल और इमारतें दीपों, झालरों और फूलों से सजीं। ऐसा प्रतीत हुआ मानो अयोध्या की दिवाली अब मुरादाबाद में उतर आई हो। हर ओर रंग-बिरंगी रोशनी, भक्ति गीतों, मंत्रोच्चार और आतिशबाजी ने ऐसा माहौल बनाया जिसने हर दिल को भक्ति से भर दिया।
मंडल आयुक्त आंजनेय कुमार सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री के विकसित भारत और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प के अनुरूप मुरादाबाद तेजी से बदल रहा है।
उन्होंने कहा कि —

“मुरादाबाद की पहचान हैंडीक्राफ्ट से है, लेकिन अब यह शहर विकास, संस्कृति और एकता का प्रतीक बन रहा है। दीपोत्सव इसका प्रमाण है कि प्रशासन और समाज मिलकर प्रदेश के विकास की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।” उधर मुरादाबाद पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में भी दीपोत्सव का शानदार नज़ारा देखने को मिला। यहां 1 लाख 8 हजार दीप जलाए गए, जिससे पूरा परिसर रोशनी से नहा गया।
कार्यक्रम की शुरुआत एसपी ग्रामीण कुंवर आकाश सिंह और एसपी ट्रैफिक सुभाष चंद्र गंगवार ने दीप प्रज्ज्वलन कर की।
एसएसपी सतपाल अंतिल के निर्देशन में हुए इस आयोजन में पुलिस परिवार के सदस्य और उनके परिजन बड़ी संख्या में शामिल हुए।
बच्चों ने रंगोली बनाई, आतिशबाज़ी ने माहौल को खुशनुमा बना दिया।
एसएसपी सतपाल अंतिल ने कहा —

“दीपोत्सव आशा, एकता और सकारात्मकता का प्रतीक है। मुरादाबाद पुलिस ने इसे मिल-जुलकर मना कर समाज को शांति और सौहार्द का संदेश दिया है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *