सिविल लाइंस पुलिस ने सुलझाया वाहन चोरी का मामला,

क्रेटा कार बरामद
शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, फर्जी नंबर प्लेट व नकदी समेत कई अहम सबूत हाथ लगे

मुरादाबाद। सिविल लाइंस थाना पुलिस ने वाहन चोरी के एक मामले का सफल खुलासा करते हुए बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने रामगंगा विहार फेस-2 से चोरी हुई हंडई क्रेटा कार बरामद कर एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की कार, नकदी, मोबाइल फोन, आधार कार्ड और फर्जी नंबर प्लेटें बरामद की गई हैं। पुलिस के अनुसार 21 जनवरी 2026 को रामगंगा विहार फेस-2 स्थित मकान नंबर A-8 के बाहर से वाहन स्वामी मनोज कपूर की क्रेटा कार (नंबर UK 18 N 4415) चोरी हो गई थी। इस संबंध में थाना सिविल लाइंस में मुकदमा दर्ज किया गया था। 27 जनवरी को गश्त के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चोरी की कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर दो संदिग्ध वेव सिनेमा के पीछे घूम रहे हैं। सूचना पर घेराबंदी कर इंस्पेक्टर सिविल लाइंस मनीष सक्सेना के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान चालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका एक साथी फरार हो गया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान इस्लामुद्दीन निवासी लोनी, जनपद गाजियाबाद के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से चोरी की क्रेटा कार, असली नंबर प्लेट, दो फर्जी नंबर प्लेटें, 1100 रुपये नकद और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने फरार साथी अजय उर्फ सोनू निवासी बावली, थाना बड़ौत, जनपद बागपत के साथ मिलकर वाहन चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस के मुताबिक इस्लामुद्दीन पर दिल्ली के विभिन्न थानों में वाहन चोरी से जुड़े करीब 11 मुकदमे दर्ज हैं।
फरार आरोपी अजय उर्फ सोनू की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *