दिनदहाड़े फर्राटा भर रहे मिट्टी-बालू से लदे वाहन, जिम्मेदार मौन
मैनाठेर। थाना मैनाठेर के अंतर्गत गांगन चौकी क्षेत्र में अवैध खनन का कारोबार खुलेआम फल-फूल रहा है। नियमों को ताक पर रखकर मिट्टी और बालू से लदे वाहन दिनदहाड़े सड़कों पर फर्राटा भरते नजर आ रहे हैं, लेकिन इन्हें रोकने-टोकने वाला कोई नहीं है। लालपुर बस्तौर, लालपुर गंगवारी, फतेहपुर, गुरेर, नरोदा सहित कई गांवों में अवैध खनन का खेल धड़ल्ले से जारी है। हैरानी की बात यह है कि पूरा मामला थाना ओर चौकी क्षेत्र के अंतर्गत होने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी और विभागीय अमला पूरी तरह मौन साधे हुए है। सूत्रों के अनुसार, अवैध खनन से जुड़े वाहन दिन-रात आवाजाही कर रहे हैं। इससे जहां एक ओर सरकार के राजस्व को भारी नुकसान पहुंच रहा है, वहीं दूसरी ओर भारी वाहनों के कारण ग्रामीण सड़कों की हालत भी तेजी से जर्जर होती जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद न तो वाहनों की जांच होती है और न ही कोई ठोस कार्रवाई की जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अवैध खनन माफिया इस कदर बेखौफ हैं कि उन्हें न पुलिस का डर है और न ही प्रशासन का।
अब सवाल यह उठता है कि क्या यह सब जिम्मेदारों की अनदेखी का नतीजा है या फिर किसी संरक्षण के चलते यह अवैध कारोबार फल-फूल रहा है। देखना यह होगा कि जिला प्रशासन इस गंभीर मामले पर कब संज्ञान लेता है और अवैध खनन पर कब तक लगाम लगाई जाती है, या फिर यूं ही सरकार के राजस्व की लूट जारी रहेगी।

