शादी के दबाव में बहनोई बना कातिल, 15 फीट गहरी कुइया में फेंका सबरीन का शव

मैनाठेर पुलिस का सनसनीखेज खुलासा, बहनोई समेत तीन आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक अभिरक्षा में भेजे गए

मैनाठेर/मुरादाबाद । क्षेत्र के ग्राम बघी गोवर्धनपुर के जंगल में स्थित खेत की 15 फीट गहरी बोरिंग कुइया से बरामद युवती के शव के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि युवती की हत्या उसके ही बहनोई ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर की थी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे खेत की ओर गए बच्चों ने कुइया के अंदर शव पड़ा देखा। बच्चों ने घबराकर गांव में सूचना दी, जिसके बाद ग्राम प्रधान के माध्यम से पुलिस को खबर दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाया गया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। दो दिन बाद शव की पहचान असमोली थाना क्षेत्र के गांव कमालपुर उर्फ काफरपुर निवासी सबरीन के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार युवती गुरुवार रात से लापता थी। मृतका के पिता बाबू ईंट-भट्ठे पर चौकीदार हैं और घटना की रात ड्यूटी पर थे। घर में मां परवीन, बहन तरन्नुम, भाई अजीम, अब्दुल और दो वर्षीय भांजी मौजूद थे। पिता के अनुसार सेहरी के समय जब वह घर लौटे तो दरवाजा खुला मिला और बेटी घर पर नहीं थी। मामले की गहन जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर खुलासा हुआ कि सबरीन का अपने बहनोई हाशिम निवासी सिरसी, जनपद संभल से लंबे समय से प्रेम संबंध था। युवती द्वारा शादी का दबाव बनाए जाने और आत्महत्या की धमकी दिए जाने से आरोपी कथित रूप से परेशान था। पुलिस के अनुसार हाशिम ने सबरीन को घर से बुलाया और अपने साथियों अजीम व आदिल के साथ मिलकर उसका गला घोंट दिया। हत्या के बाद शव को बघी गोवर्धनपुर के जंगल में स्थित 15 फीट गहरी कुइया में फेंक दिया गया, ताकि पहचान छिपाई जा सके। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। मामले की विवेचना जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *