मुरादाबाद के मैनाठेर क्षेत्र में हादसे से हड़कंप, पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा; कार कब्जे में लेकर जांच शुरू
BULAND PARWAZ NEWS DIGITAL DESK

मैनाठेर (मुरादाबाद)
मैनाठेर थाना क्षेत्र के जटपुरा गांव में रविवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब संभल की ओर से आ रही तेज रफ्तार I-10 कार ने सड़क किनारे चल रहे बच्चों और राहगीरों को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार तेज गति में थी और चालक नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद वाहन ने राह चलते लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हादसे में घायल लोगों में पलक, प्रिंस, अनुष्का, विवेक, आशीष, दुर्गेश, अकरम, शफीक, विजय और तरुण समेत कई अन्य लोग शामिल हैं। स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, इनमें से कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज नजदीकी अस्पताल में जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। मामले में थाना प्रभारी किरनपाल सिंह ने बताया कि घायलों को उपचार के लिए अस्पताल मे भर्ती करा दिया गया है तथा दुर्घटना में शामिल कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की गहन जांच की जा रही है और दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

